सरायरसूलपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार का भव्य शुभारंभ, डीएम सुनील कुमार सिंह ने दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ, जिला पंचायत सभागार में भी अधिकारियों,कर्मचारियों ने दोहराए संवैधानिक आदर्श।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। संविधान सिर्फ देश चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक को समान अधिकार, न्याय, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने की ताकत देने वाला लोकतंत्र का आधार है। संविधान दिवस पर गुरुवार को मुजफ्फरनगर में इसी संवैधानिक चेतना का संदेश गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक गूंजता नजर आया। कहीं संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन कर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया, तो कहीं अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा दोहराई। संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सरायरसूलपुर, विकासखंड खतौली स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति स्थल पर जीर्णोद्धार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना एवं उसमें निहित संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन भी किया। इस दौरान विधायक के जनप्रतिनिधि अजीत राठी, ब्लॉक प्रमुख संजो गौतम, उपजिलाधिकारी ललित कुमार शर्मा और ग्राम प्रधान तय्यब अली सहित करीब 350 ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया और सुनाया गया। मंच संचालन खंड विकास अधिकारी ज्योति चावला ने किया। कार्यक्रम में समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता जैसे संवैधानिक सिद्धांतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बाबा साहब के योगदान को याद किया गया। प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार की पहल को बाबा साहब के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश से जोड़कर देखा गया। ग्रामीणों को संविधान के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। दूसरी ओर जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह और अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। इस दौरान सभी ने संवैधानिक आदर्शों, मूल्यों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ ली। अधिकारियों ने कहा कि संविधान की वास्तविक भावना तभी सार्थक होगी, जब न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता के सिद्धांत सरकारी कार्यप्रणाली और आमजन के साथ व्यवहार में दिखाई देंगे। लोकसेवकों को निष्पक्षता, पारदर्शिता, कानून के सम्मान और जनसेवा की भावना के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया। इस प्रकार संविधान दिवस पर मुजफ्फरनगर में बाबा साहब के विचारों को सम्मान देने के साथ संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
