जिलाधिकारी की नाराजगी के बाद अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने सभी विभागों को दिए तेजी लाने के निर्देश, कर्मचारियों और अधिकारियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की स्व-गणना कराने पर जोर।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। आगामी जनगणना की तैयारियों के बीच जनपद में स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान की धीमी प्रगति ने जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपेक्षित गति नहीं आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई है। इसके बाद प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक लोगों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने 26 नवंबर को सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान में जनपद की प्रगति दिन-प्रतिदिन अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रही है। यह स्थिति गंभीर है और इसमें तत्काल सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब सभी विभाग इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले दिन से विशेष अभियान चलाकर अपने-अपने विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और अधीनस्थ कार्मिकों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों की स्व-गणना कराई जाए। इसके लिए विभागीय स्तर पर व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ नियमित निगरानी और समीक्षा भी की जाए। अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय (डीबीओ), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के पास उपलब्ध मानव संसाधन और संपर्क व्यवस्था का उपयोग करते हुए स्व-गणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण से जुड़ा राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता बेहद जरूरी है। जिला जनगणना अधिकारी ने सभी अधिकारियों से व्यक्तिगत रुचि लेकर अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा जनपद की स्व-गणना प्रगति और रैंकिंग में सुधार लाने के लिए गंभीर प्रयास करने को कहा। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जनगणना के इस महत्वपूर्ण अभियान में लापरवाही के बजाय सक्रियता और परिणाम पर ध्यान दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights