अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर युवाओं ने लिया भेदभाव मुक्त समाज बनाने का संकल्प, क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी रहे मुख्य अतिथि।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। संविधान की ताकत केवल उसके पन्नों में नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को मिलने वाले समान अधिकार, सम्मान और न्याय में दिखाई देती है। संविधान दिवस के अवसर पर शुकतीर्थ में युवाओं ने इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया। शुकतीर्थ युवा सेवा संगठन एवं स्थानीय ग्रामीणों ने अम्बेडकर चौक पर भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। 26 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उपस्थित युवाओं और ग्रामीणों ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण तथा सामाजिक न्याय के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां किसी व्यक्ति के साथ जाति, वर्ग अथवा सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो और प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल सिद्धांतों पर विशेष चर्चा की गई। युवाओं ने संकल्प लिया कि संविधान को केवल एक राष्ट्रीय दस्तावेज के रूप में नहीं, बल्कि अपने आचरण, व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारियों का आधार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहें। शुकतीर्थ युवा सेवा संगठन की ओर से समाज में आपसी भाईचारा, एकता और संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। युवाओं ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं। उनके बताए शिक्षा, संघर्ष और संगठन के मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर संगठन के युवा साथी हरप्रीत सिंह, संदीप सैनी, आकाश कश्यप, नवदीप सिंह, सोनू सैनी, अंकित सेन, सरवन ठाकुर, अमित सैनी, सोनू बावराज एवं अश्वनी सैनी मौजूद रहे। वहीं स्थानीय ग्रामीणों में योगानंद आचार्य, पंकज तेजियन, जयपाल सिंह, करण, कपिल और पंकज सहित अन्य लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights