hmc-meat-sell-storage-ban

हरिद्वार, 26 नवंबर । धर्मनगरी हरिद्वार में अब पूरे नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगने जा रहा है। ज्वालापुर का छूटा हुआ क्षेत्र भी अब प्रतिबंध के दायरे में आ जाएगा। नगर निगम ने इस संबंध में ‘नगर निगम हरिद्वार (मांस विक्रय प्रतिबंध) उपविधि, 2026’ तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी है।

नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने बताया कि अब तक नगर निगम क्षेत्र के कुछ हिस्सों में, विशेषकर ज्वालापुर क्षेत्र के कुछ इलाकों में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू नहीं था। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद अब पूरे नगर निगम क्षेत्र में प्रतिबंध लागू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उपविधि के प्रकाशित होते ही इसके प्रावधान संपूर्ण नगर क्षेत्र में प्रभावी हो जाएंगे।

नगर आयुक्त ने बताया कि उपविधि के अनुसार नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में सभी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध सभी मांस की दुकानों पर लागू होगा। नगर क्षेत्र में कच्चे मांस का भंडारण कर उसे बिक्री के लिए प्रदर्शित करना भी प्रतिबंधित रहेगा। ऑनलाइन माध्यम, मोबाइल एप अथवा अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मांस की डिलीवरी करना भी प्रतिबंध के दायरे में रखा गया है।

नंदन कुमार ने बताया कि उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। पहली बार उल्लंघन पर 50 हजार रुपये और दूसरी बार एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपये का जुर्माना लगेगा। आवश्यकता पड़ने पर प्रतिष्ठान को सील करने के साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी की जा सकेगी।

उपविधि के अनुपालन की निगरानी नगर निगम के अधिकृत अधिकारियों, मुख्य सफाई निरीक्षक, प्रवर्तन दल द्वारा की जाएगी। अधिकृत अधिकारियों को निरीक्षण, प्रतिबंधित सामग्री जब्त करने तथा कार्रवाई करने का अधिकार होगा। उन्होंने बताया कि मीट कारोबारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार कर ली गई है। सराय में दुकानें बनकर तैयार हैं। इन दुकानों के आवंटन के लिए नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान में संचालित मीट की दुकानों को नगर निगम क्षेत्र से बाहर निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित किया जाएगा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights