होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में बालिकाओं को कानून और अधिकारों की दी गई जानकारी, 18 साल से पहले बेटी की शादी अपराध, 1098 और 181 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। बचपन में हाथों में किताबें होनी चाहिए, जिम्मेदारियों और शादी का बोझ नहीं। जिस उम्र में बेटियों के सपनों को उड़ान मिलनी चाहिए, उस उम्र में उन्हें विवाह के बंधन में बांध देना न केवल उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि कानून की नजर में भी अपराध है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब मुजफ्फरनगर में जागरूकता की आवाज स्कूलों से बुलंद की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर बाल विवाह मुक्त जनपद बनाने का संकल्प दिलाया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम में बाल विवाह को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में लड़कियों के विवाह की न्यूनतम कानूनी आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह कराना कानूनन अपराध है। बाल विवाह में शामिल होने, इसे संपन्न कराने अथवा बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सजा का प्रावधान है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने अधिकारों को पहचानें और बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे न हटें।
कार्यक्रम में बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि कम उम्र में शादी होने से बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है तथा उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उनके सपने, आत्मनिर्भर बनने की संभावनाएं और बेहतर भविष्य के अवसर प्रभावित होते हैं। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों को विवाह के दबाव में डालने के बजाय उन्हें उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर देने चाहिए। डॉ. राजीव कुमार ने अपील की कि यदि कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने भी छात्राओं को जागरूक करते हुए संदेश दिया कि बाल विवाह की बात नहीं, बल्कि शिक्षा और सपनों की सौगात देनी चाहिए। विद्यालय परिसर में ‘आओ जिम्मेदारी निभाएं, बाल विवाह ना होने पाए’ और ‘बाल विवाह मुक्त हो जनपद हमारा’ जैसे नारों से जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया सहित विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। अभियान के माध्यम से समाज को स्पष्ट संदेश दिया गया कि बेटियों का बचपन सुरक्षित रखना, उनकी शिक्षा सुनिश्चित करना और बाल विवाह पर रोक लगाना ही एक बेहतर भविष्य की नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights