up-fatehpur-03-arrested-electric-wire-theft

फतेहपुर, 18 सितंबर । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को पुलिस ने ग्रामीण फीडर के लिए निर्माणाधीन विद्युत लाइनों से तार चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप पर लदा लगभग 700 किग्रा एल्युमीनियम विद्युत तार, दो कार, तार काटने वाले कटर और खंभे पर चढ़ने वाली लोहे की चप्पल बरामद हुई है।

बता दें कि विद्युत तार चोरी की घटना विगत 13 सितंबर 2026 की है। विद्युत उपकेन्द्र बिन्दकी रोड द्वितीय अवर अभियंता सुंदरम सिंह यादव ने थाना कल्याणपुर पर तहरीर दी कि थी कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुगौली के बाहर निर्माणाधीन 11 हजार केवी लाइन तथा महरहा-बिन्दकी मार्ग से जुड़ी 33 हजार केवी लाइन के तारों को अज्ञात चोरों ने रात में काटकर चोरी कर लिया है। चोरों ने 17 पोलों की 11 केवी लाइन और 13 पोलों की 33 केवी लाइन के तार काटे थे और 03 पोलों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इससे विद्युत विभाग की लगभग 960 मीटर लंबी 33 केवी लाइन में लगा 2800 मीटर डॉग कंडक्टर और एक किमी लंबी 11 हजार केवी लाइन में लगा 3300 मीटर तार गायब हुआ था। इस संबंध में थाना कल्याणपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आज थाना कल्याणपुर पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त

सुनीत कुमार धानुक पुत्र रामचन्द्र, निवासी शक्तिनगर शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, उन्नाव, शिवांशु गुप्ता उर्फ लकी गुप्ता पुत्र मनोज कुमार गुप्ता, निवासी पौनीरोड, थाना शुक्लागंज, उन्नाव व राजेश पटेल पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम बहाहा, थाना बीघापुर, जनपद उन्नाव है।

थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार चोरों के कब्जे से चोरी का 700 किलो तार, स्विफ्ट व अल्टो दो कार, दो तार काटने वाले कटर, एक जोड़ी लोहे की खंभे पर चढ़ने वाली चप्पल, तीन एंड्रॉयड व एक कीपैड मोबाइल और 1140 रुपये नकद बरामद हुए हैं।बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।

प्राइवेट ठेकेदार निकला गैंग का मास्टरमाइंड

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मुख्य अभियुक्त राजेश पटेल मूल रूप से प्राइवेट विद्युत ठेकेदारी का काम करता है। उसे विद्युत लाइनों, ग्रिड शटडाउन और तारों की तकनीकी जानकारी थी।

वह पहले सुनसान स्थानों पर लगी विद्युत लाइनों की रेकी करता है। आने-जाने के सुरक्षित रास्ते देखता और फिर अपनी ठेकेदारी की आड़ में प्राइवेट मजदूरों को “लाइन उतारने” का झांसा देकर साथ ले जाता। उनसे पोल पर चढ़वाकर तार कटवाता और फिर कबाड़ियों को बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। अन्य अभियुक्तों ने भी रात में सुनसान इलाकों में चोरी की बात कबूली है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights