ayodhya-rojgar-mela-chayan

अयोध्या, 18 सितंबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के संकल्प के तहत शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद में पूराबाजार स्थित आशा भगवान बख्श सिंह महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने मेले का शुभारंभ किया। रोजगार मेले में 13,632 युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें 7,984 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ।

सेवायोजन विभाग के सहयोग से आयोजित मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों की 90 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। अशोक लीलैंड से लेकर अमेजन तक कई बड़ी कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। मेले के शुभारंभ समारोह में स्थानीय प्रशासन, सेवायोजन विभाग के अधिकारी और कंपनी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

युवाओं का हुजूम सुबह से ही मेले के स्थल पर उमड़ पड़ा था। विभिन्न काउंटरों पर साक्षात्कार की प्रक्रिया चलती रही। सेवायोजन विभाग के सहायक निदेशक देवव्रत ने बताया कि 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को इस मेले में रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रोजगार संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। योगी सरकार युवाओं को स्वरोजगार के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर रोजगार मेलों का आयोजन कर रही है।

राहुल की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा

24 वर्षीय राहुल यादव का एक तकनीकी कंपनी में चयन होने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा। कहा, मैं लंबे समय से नौकरी की तलाश में था। योगी सरकार द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले ने मुझे अवसर दिया। यहां कंपनियां सीधे साक्षात्कार लेकर चयन कर रही हैं। यह बहुत सुविधाजनक है।

मैं तो जल्दी ही ज्वाइन करूंगी : प्रियंका

27 वर्षीय प्रियंका शर्मा का एक गैर-तकनीकी पद पर चयन हुआ। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से ऐसे मेले हो रहे हैं, जहां गांव-कस्बे के युवाओं को भी बड़ी कंपनियों में मौका मिल रहा है। मैं बहुत उत्साहित हूं और जल्द ही ज्वाइन करूंगी

कई पदों पर हुआ युवाओं का चयन

मेले में कंपनियों ने विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन किया। इसमें ड्राइवर, टेक्निशियन, सेल्स एग्जीक्यूटिव, वेयरहाउस स्टाफ, आईटी सपोर्ट और अन्य पद शामिल रहे। अधिकारियों का कहना है कि चयनित युवाओं को जॉइनिंग लेटर दिया गया है।

सरकार युवा रोजगार को दे रही प्राथमिकता

पूराबाजार में आयोजित इस मेले ने एक बार फिर साबित किया कि योगी सरकार युवा रोजगार को प्राथमिकता दे रही है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ा रहे हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं। सेवायोजन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।

———-

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights