औरैया, 23 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र के दलपपुर गांव के पास वन विभाग की जमीन पर मिट्टी में दफन मिले युवती के शव की तीन दिन बाद भी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस युवती की शिनाख्त कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आसपास के जिलों की पुलिस को युवती की फोटो भेजने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी तस्वीर प्रसारित कराई जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस के हाथ ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं लगा है, जिससे युवती की पहचान हो सके।
तीन दिन पहले दलपपुर गांव के पास ग्रामीणों ने वन विभाग की जमीन पर मिट्टी में दबा युवती का शव देखा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से खुदाई शुरू कराई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबा शव बाहर निकाला गया। युवती के गले में दुपट्टा कसा हुआ मिला था। इस आधार पर पुलिस गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। युवती की पहचान न हो पाने से पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती उसके परिजनों तक पहुंचने की है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में पूछताछ कर युवती के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाल के दिनों में किसी युवती के लापता होने की सूचना किसी थाने में दर्ज हुई है या नहीं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने बताया कि अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त कराने के लिए कानपुर देहात, इटावा, जालौन और मैनपुरी समेत आसपास के अन्य जिलों की पुलिस को फोटो भेजी गई है। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से भी तस्वीर प्रसारित कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल तक आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती का शव वहां कब और किसने लाकर दफन किया। थाना प्रभारी के अनुसार बुधवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पहचान स्पष्ट न होने की स्थिति में डीएनए जांच के लिए शव का नमूना सुरक्षित रखा जा सकता है। पुलिस हत्या की आशंका समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।
