हरिद्वार, 31 जुलाई । कांवड़ मेला में श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन का विशेष अभियान जारी है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभाग की टीम ढाबों, होटलों, भंडारों और अस्थायी स्टॉलों का निरीक्षण कर रही है।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए 30 जुलाई से सचल खाद्य विश्लेषणशाला वाहन तैनात किया गया है। इसके माध्यम से मौके पर ही जांच के साथ कारोबारियों और कांवड़ियों को जागरूक किया जा रहा है। 30 जुलाई को उपायुक्त लैब वीरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पंतद्वीप पार्किंग में 61 नमूनों की जांच हुई। इनमें 5 अधोमानक पाए गए और मौके पर नष्ट किए गए। 31 जुलाई को रानीपुर झाल से धनौरी पटरी मार्ग तक 69 नमूनों की जांच में 8 अधोमानक पदार्थ नष्ट किए गए। इस दौरान दिल्ली यूपी बॉर्डर सहित विभिन्न सेवा समितियों के भंडारों का भी निरीक्षण किया गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने पंतद्वीप, भीमगौड़ा और खड़खड़ी के 30 प्रतिष्ठानों की जांच की। कारोबारियों को बासी भोजन न बेचने, ढककर रखने और फूड लाइसेंस व रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पनीर, मिर्च पाउडर, पानी, तेल, दूध और नमक के 7 नमूने लैब भेजे गए। पैकेज्ड पानी मिथ्याछाप मिलने पर वितरक पर चालान और निर्माता को नोटिस दिया गया। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने बताया कि मेले तक नियमित जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
