uk-guru-ravidas-kalash-vandan-yatra

देहरादून, 31 जुलाई । समाज सुधारक संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकली कलश वंदन यात्रा शुक्रवार को देहरादून पहुंची। रिस्पना पुल धर्मपुर से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के बीच डीएल रोड स्थित रविदास मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश की स्थापना की गई।

महानगर भाजपा अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया कि 30 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह कलश यात्रा विभिन्न जिलों के लिए रवाना की थी। देहरादून पहुंचने पर रिस्पना पुल धर्मपुर में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर और महापौर सौरभ थपलियाल ने कलश पर पुष्प अर्पित कर यात्रा का स्वागत किया।

इसके बाद यात्रा रथ के साथ डीएल रोड स्थित रविदास मंदिर के लिए रवाना हुई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के जयकारे लगाए। मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज में समरसता, एकता और समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने बताया कि यह यात्रा वाराणसी स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से शुरू हुई है, जिसका उत्तराखंड में भगवानपुर के चुड़ियाला गांव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया था। इसके बाद यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंच रही है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि संत रविदास महाराज की यात्रा में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में नई चेतना का संचार करेगी और सभी वर्गों को समरसता के संदेश के साथ जोड़ने का कार्य करेगी।

इस अवसर पर यात्रा टोली संयोजक ओम कक्कड़, जगदीश सेमवाल, प्रदीप कुमार, सुरेंद्र घेल और कुलदीप पंत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights