uk-drug-dealer-salman-arrested

हरिद्वार, 10 जुलाई । कोतवाली मंगलौर पुलिस ने पीआईटी और एनडीपीएस के तहत कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं नशा तस्कर सलमान पुत्र जहांगीर, निवासी पीरपुरा, को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित गैंगस्टर एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमों में नामजद है।

पुलिस के अनुसार सलमान लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था। उसके विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने के बावजूद उसने अपनी आपराधिक गतिविधियां जारी रखीं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उसके खिलाफ पीआईटी और एनडीपीएस के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी गई थी।

रिपोर्ट प्रेषित होने के बाद पुलिस लगातार आरोपित की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वह अपने ठिकाने बदल-बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीआईयू रुड़की के सहयोग से उसके संभावित ठिकानों व रिश्तेदारियों पर लगातार निगरानी रखी गई।

इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपित सलमान को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights