uk-traders-conference

हरिद्वार, 10 जुलाई । राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी ने शुक्रवार को कहा कि बोर्ड व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तराखंड के व्यापारियों की जीएसटी थ्रेशोल्ड सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने और राज्य में व्यापारी आयोग के गठन की मांग केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाई जाएगी।

राज्य व्यापार मंडल उत्तराखंड और दून वैली उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में गुरु मंडल आश्रम, देवपुरा में आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंघी ने कहा कि जीएसटी व्यवस्था को सरल बनाना, इंस्पेक्टर राज समाप्त करना और ओएनडीसी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से छोटे व्यापारियों को बड़ी कंपनियों के बराबर अवसर उपलब्ध कराना बोर्ड की प्राथमिकताओं में शामिल है।

हरिद्वार के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि व्यापारी समाज अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उत्तराखंड सरकार व्यापारियों के हितों के संरक्षण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

राज्य व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला ने कहा कि व्यापारी कल्याण बोर्ड सरकार और व्यापारियों के बीच समन्वय का कार्य कर रहा है तथा व्यापारी हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुमित अरोड़ा ने सम्मेलन में मध्यम वर्गीय व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रदेश के मॉल एवं वाणिज्यिक परिसरों में 70 प्रतिशत दुकानें स्थानीय लोगों को आवंटित करने, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने तथा राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन सहित कई सुझाव रखे।

दून वैली उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य पंकज मैसोन ने कहा कि व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

सम्मेलन में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights