sports-basketboll-nba-victorwembanyama-injuryupdat

पोर्टलैंड, 22 अप्रैल । नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (एनबीए) प्लेऑफ्स में सैन एंटोनियो स्पर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार खिलाड़ी विक्टर वेम्बन्यामा को मैच के दौरान सिर में चोट (कन्कशन) लगने के बाद लीग के कन्कशन प्रोटोकॉल में रखा गया है।

यह घटना मंगलवार रात पोर्टलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान हुई, जिसमें सैन एंटोनियो को 106-103 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ वेस्टर्न कॉन्फ्रेंस के पहले दौर की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है।

दूसरे क्वार्टर में एक प्रयास के दौरान वेम्बन्यामा गिर पड़े और उनका चेहरा सीधे कोर्ट से टकराया। वह खुद को संभाल नहीं सके और करीब 30 सेकंड तक कोर्ट पर ही लेटे रहे।

इसके बाद मेडिकल टीम ने उनका निरीक्षण किया और उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया।

टीम के कोच मिच जॉनसन ने पुष्टि की कि वेम्बन्यामा को कन्कशन हुआ है और अब वह लीग के तय नियमों के तहत रिकवरी प्रक्रिया से गुजरेंगे।

नियमों के अनुसार, खिलाड़ी को कम से कम 48 घंटे का आराम करना होता है और इसके बाद विभिन्न मेडिकल जांचों से गुजरना पड़ता है। पूरी तरह फिट घोषित होने के बाद ही वह मैदान पर वापसी कर सकता है।

सीरीज का तीसरा मुकाबला शुक्रवार को पोर्टलैंड में खेला जाएगा, लेकिन वेम्बन्यामा के उसमें खेलने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

वेम्बन्यामा इस सीजन में शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने औसतन 25 अंक, 11.5 रिबाउंड और 3.1 ब्लॉक प्रति मैच दर्ज किए। हाल ही में उन्हें डिफेंसिव प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला है।

उनकी गैरमौजूदगी में ल्यूक कॉर्नेट ने सेंटर की भूमिका निभाई और 10 अंक व 9 रिबाउंड का योगदान दिया।

साथी खिलाड़ी डेविन वासेल ने कहा कि टीम को अब एकजुट होकर खेलना होगा और वेम्बन्यामा की कमी को पूरा करने की कोशिश करनी होगी।

सैन एंटोनियो स्पर्स 2019 के बाद पहली बार प्लेऑफ्स में पहुंचा है, ऐसे में वेम्बन्यामा की चोट टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights