service-pledge-campaign

गोरखपुर, 15 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। बैठक में अभियान को लेकर पूर्व में अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के तहत अब तक की गई तैयारियों और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागवार अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, सीएमओ राजेश झा,एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्य शील सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाना है। अभियान के लिए अधिकारियों और विभागों को पहले ही अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जा चुकी हैं। अब यह सुनिश्चित किया जाए कि सौंपे गए दायित्वों के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी हों और कार्यक्रमों का प्रभाव धरातल पर दिखाई दे।

बैठक में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी ली गई। चौपाल, जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, श्रमदान, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान शिविर, पदयात्रा, जागरूकता यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक तथा विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर विभागों द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा की गई।

डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना होना चाहिए। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में शिविर और चौपाल आयोजित कर पात्र लोगों को चिन्हित किया जाए तथा उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाए। स्वास्थ्य, पेंशन, आवास, राशन, आयुष्मान कार्ड समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक विभागीय टीम पहुंचकर उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराए।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights