dedbody-found-husband-wife-

लखनऊ, 15 सितंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार काे दंपति के शव घर में मिले हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति का शव फांसी के फंदे से नीचे उतारा है जबकि पत्नी की लाश चारपाई पर पड़ी थी। पुलिस दंपति माैत मामले की जांच कर रही है।

बीकेटी थाना पुलिस के मुताबिक, ग्राम मदारीपुर में रहने वाला आशीष प्रजापति (35) राजमिस्त्री का काम करके परिवार का भरण पोषण करते थे। परिवार में पत्नी छमता (35), बेटा अक्षांश, बेटी विभा हैं। दोनों गांव के ही आदर्श सरस्वती शिक्षा मंदिर में पढ़ते हैं। मंगलवार को दोनों बच्चे स्कूल गये थे। दोपहर वापस लौटे तो उन्होंने माता-पिता की घर में लाशें देखते ही चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग पहुंचे और दंपति के शव देख पुलिस काे सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच की। मृतक राजमिस्त्री आशीष का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका था, जबकि पत्नी का शव चारपाई पर पड़ा था। पड़ोसियों से पूछताछ में पुलिस काे आए दिन उनके झगड़ने की बात पता चली है, इससे आशंका जताई जा रही है कि परिवारिक विवाद के चलते पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त बीकेटी एवं प्रभारी निरीक्षक बीकेटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights