मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 17 अक्टूबर 2026 और 24 अक्टूबर 2026 को बूथों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 01-बेहट में उपजिलाधिकारी सुबोध कुमार और तहसीलदार विजय कुमार ने मतदान केंद्र पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय, बेहट के पांच तथा जनता इंटर कॉलेज, बेहट के 14 मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

एक बीएलओ मिलीं अनुपस्थित, वेतन काटने के लिए पत्र

निरीक्षण के दौरान पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय, बेहट के मतदेय स्थल संख्या 122 पर बीएलओ मंजूलता अनुपस्थित मिलीं। इस पर उनके एक दिन का वेतन काटने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहारनपुर को पत्र भेजा गया है। वहीं, मतदेय स्थल संख्या 120 और 123 पर बीएलओ बुशरा तथा महजबीं के देरी से पहुंचने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।

घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश

उपजिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, बेहट, अधिशासी अधिकारी, छुटमलपुर तथा अधिशासी अधिकारी, बेहट को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से घर-घर जाकर ऐसे पात्र नागरिकों को जागरूक करें, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके अतिरिक्त, जनसामान्य को जागरूक करने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर मुनादी कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारी, मुजफ्फराबाद एवं साढौली कदीम तथा नगर पंचायत बेहट और छुटमलपुर के अधिशासी अधिकारियों को दिए गए हैं।

फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम

उपजिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर संबंधित बूथ पर तैनात बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, फॉर्म-6 ऑनलाइन भरने की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और सभी पात्र नागरिकों को मताधिकार का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights