uk-anti-drug-rally-police-

देहरादून, 17 अक्टूबर । राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर नशा-मुक्त समाज का संदेश देने के लिए उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय मोटरसाइकिल दल शनिवार को गुजरात के लिए रवाना हुआ।

‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ (नशे के खिलाफ लड़ाई) थीम पर आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में शामिल होने वाले इस दल को अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन ने देहरादून पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल दल 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह और परेड में हिस्सा लेगा।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना है। इस अभियान की नोडल एजेंसी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) है।

इस अवसर पर देहरादून में नशा-मुक्त भारत अभियान के तहत ‘मेरी शुरुआत खुद से’ विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अपर पुलिस महानिदेशक मुरुगेशन ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशा-मुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ दिलाई।

पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, उत्तराखंड पुलिस का दल देहरादून से हरिद्वार होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगा। वहां 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से उत्तरी जोन के दलों को संयुक्त रूप से रवाना किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए मोटरसाइकिल दल 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा।

रैली के दौरान उत्तराखंड पुलिस के जवान विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद करेंगे। इस दौरान उन्हें मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान की जानकारी देने के साथ नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने दल के सदस्यों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और उत्तराखंड पुलिस की गरिमा के अनुरूप आचरण करने के निर्देश दिए।

जन-जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सरकारी विभागों के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों सहित लगभग 1,000 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत आयोजित गोष्ठी में विशेषज्ञों ने नशे के शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों पर जानकारी दी। डॉ. शिल्पी अरोड़ा ने नशे से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर स्थापित ‘नशा-मुक्त उत्तराखंड, मेरी शुरुआत खुद से’ सेल्फी पॉइंट विद्यार्थियों और युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, कृष्ण कुमार वीके, नीलेश आनंद भरणे और सुनील कुमार मीणा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights