up-bijnor-farmers-meeting

बिजनौर, 17 अक्टूबर । भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के प्रदर्शन के बाद 20 अक्टूबर से मुख्यमंत्री को शिकायत भेजने की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने किसानों की समस्याओं पर तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित विदुर सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. कृष्ण गोपाल और क्षेत्राधिकारी नगर की मौजूदगी में गन्ना, बिजली, कृषि, लोक निर्माण, पशुपालन और वन विभाग के अधिकारियों के साथ लंबी बैठक हुई। बैठक में बिलाई शुगर मिल के बकाया गन्ना भुगतान सहित विभिन्न जनसमस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। बिलाई शुगर मिल के गन्ना भुगतान को लेकर संगठन ने कड़ा रुख अपनाया। बैठक में मिल प्रबंधन की ओर से शीरे के डायवर्जन के 8 करोड़ रुपये गन्ना विभाग के खाते में जमा कराने की जानकारी दी गई। वहीं, खोई के डायवर्जन के 10 करोड़ रुपये 21 अक्टूबर तक किसानों के खातों में भेजने का आश्वासन दिया गया। मिल के गन्ना महाप्रबंधक सुभाष तोमर ने अपर जिलाधिकारी के समक्ष लिखित आश्वासन देने की बात कही कि पिछले पेराई सत्र का संपूर्ण बकाया भुगतान मिल चलने से पहले किया जाएगा तथा आगामी पेराई सत्र में किसानों को 14 दिन की निर्धारित समय-सीमा के भीतर गन्ना भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित ने मिल प्रबंधन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शुगर मिल चलने से पहले संपूर्ण बकाया भुगतान नहीं किया गया और जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी तो प्रशासन कड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। वन विभाग के रेंजर महेश गौतम ने जानकारी दी कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की मांग पर गुलदारों की नसबंदी के संबंध में विभाग द्वारा शासन को भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है तथा पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर बिजनौर का चयन किया गया है। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बैठक में स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता के घर पर जबरदस्ती स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाएगा। जर्जर बिजली लाइनों, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों और गलत बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों का समाधान कराने का आश्वासन भी दिया गया। बैठक में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की ओर से चौधरी दिगंबर सिंह, नितिन सिरोही, अतुल कुमार बालियान, नितेंद्र प्रधान, लोकेंद्र सिंह दोदवाल, उदयवीर सिंह, नवबहार सिंह, मोहित कुमार, सुरेश प्रधान, रामवीर सिंह, राकेश प्रधान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights