akka-teaser-release-keerthy-suresh-radhika-powerfu

मुंबई, । अभिनेत्री कीर्ति सुरेश के जन्मदिन के मौके पर उनकी आगामी सीरीज ‘अक्का’ का टीजर जारी किया गया है। नेटफ्लिक्स की इस सीरीज में कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।

यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह सीरीज 1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें महिलाओं के वर्चस्व, सत्ता की लड़ाई और आपसी दुश्मनी की कहानी दिखाई जाएगी। ‘अक्का’ का प्रीमियर 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर होगा।

सीरीज की कहानी पेरनुरु नाम के एक काल्पनिक साम्राज्य में रची गई है, जहां परंपराओं की गहरी जड़ें हैं और सत्ता के लिए संघर्ष लगातार जारी रहता है। यहां की व्यवस्था उन महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने पीढ़ियों से इस साम्राज्य का निर्माण करने के साथ उसकी रक्षा और शासन की जिम्मेदारी संभाली है। सीरीज में कीर्ति सुरेश भवानी और राधिका आप्टे रुद्रा के किरदार में नजर आएंगी। दोनों के बीच टकराव और बदलते रिश्ते कहानी को दिलचस्प बनाएंगे।

‘अक्का’ एक गैंगस्टर ड्रामा है, जिसमें महिलाओं को केंद्र में रखा गया है। इस सीरीज के जरिए धर्मराज शेट्टी निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। उन्होंने ही इसकी कहानी भी लिखी है। कीर्ति सुरेश ने सीरीज को लेकर कहा कि जन्मदिन पर दर्शकों के प्यार के बीच ‘अक्का’ का टीजर जारी होना उनके लिए खास है। भवानी का किरदार उनके अब तक निभाए गए किरदारों में सबसे अलग और यादगार है। राधिका आप्टे के साथ काम करना भी उनके लिए अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स और यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट के साथ यह उनकी पहली सीरीज है और कहानी की विशिष्टता ने उन्हें इसकी ओर आकर्षित किया। अब दर्शकों को 30 अक्टूबर से नेटफ्लिक्स पर इस सीरीज की कहानी देखने को मिलेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights