मुज़फ्फरनगर। त्योहारों का मौसम करीब आते ही पुलिस-प्रशासन सतर्क मोड पर आ गया है। जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा-प्रबंधों को परखने के लिए गुरुवार देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा खुद सड़कों पर उतरे।

भारी पुलिस बल के साथ किया गया यह फ्लैग मार्च शिव चौक, हनुमान तिराहा, सर्राफा मार्केट और शामली स्टैंड जैसे भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों से होकर गुज़रा।फ्लैग मार्च के दौरान एसएसपी ने रास्ते में आम नागरिकों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय स्थिति को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस हर वक्त मुस्तैद है।

एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान पेट्रोलिंग तेज़ रखें, मिश्रित आबादी और बाज़ारों में लगातार गश्त करते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी से छोटी सूचना पर भी तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।फ्लैग मार्च के दौरान धार्मिक यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से मुलाक़ात करते हुए एसएसपी ने रात्रि में ट्रैक्टर-ट्रॉली से यात्रा न करने की सलाह दी और सुरक्षा की दृष्टि से ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर लगाने की बात कही।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। देर रात तक चले इस फ्लैग मार्च से लोगों में सुरक्षा का संदेश गया और त्योहारों को लेकर पुलिस की तैयारी का साफ संकेत मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights