अब काला मोतिया की सटीक जांच के लिए नहीं जाना होगा बड़े शहर, बेहद किफायती शुल्क पर मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। जनपदवासियों के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रेमपुरी स्थित वरदान आँखों के अस्पताल में पहली बार अत्याधुनिक ग्लूकोमा (काला मोतिया) जांच मशीन का शुभारंभ किया गया। प्रसिद्ध समाजसेवी एवं टिहरी स्टील के चेयरमैन सतीश चंद्र गोयल ने फीता काटकर इस आधुनिक मशीन का उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब काला मोतिया जैसी गंभीर बीमारी की सटीक एवं समय रहते जांच मुजफ्फरनगर में ही संभव हो सकेगी और मरीजों को दिल्ली, मेरठ या अन्य बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सतीश चंद्र गोयल ने कहा कि वरदान नेत्र चिकित्सालय सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को अत्यंत कम शुल्क पर आधुनिक नेत्र चिकित्सा उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा आम व्यक्ति की पहुंच से दूर होती जा रही है, वहीं वरदान अस्पताल नवीनतम तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों के माध्यम से जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति अग्रवाल (एमबीबीएस, एमएस) ने बताया कि ग्लूकोमा (काला मोतिया) आंखों की बेहद गंभीर बीमारी है, जिसे चिकित्सा जगत में “दृष्टि का मूक चोर” कहा जाता है। यह बीमारी शुरुआती चरण में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के धीरे-धीरे आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचाती है और समय पर जांच व उपचार न मिलने पर स्थायी अंधत्व का कारण बन सकती है। उन्होंने विशेष रूप से 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीजों को नियमित रूप से ग्लूकोमा जांच कराने की सलाह दी। संस्थान के अध्यक्ष शिवचरण दास गर्ग ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना है। इसी सोच के तहत समय-समय पर नई तकनीकों और अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना की जा रही है, ताकि जनपदवासियों को इलाज के लिए महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े। अस्पताल के सचिव पवन कुमार गोयल ने बताया कि वरदान नेत्र चिकित्सालय में अत्याधुनिक फेको तकनीक से सफेद मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) के ऑपरेशन भी बेहद किफायती शुल्क पर किए जा रहे हैं। अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ डॉ. स्वाति अग्रवाल अब तक हजारों सफल नेत्र ऑपरेशन कर चुकी हैं। अस्पताल में कम्प्यूटराइज्ड नेत्र परीक्षण, चश्मे की जांच, मोतियाबिंद, काला मोतिया, मधुमेह जनित नेत्र रोगों की जांच एवं उपचार सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। कोषाध्यक्ष भानू प्रताप अग्रवाल ने बताया कि यह अत्याधुनिक ग्लूकोमा जांच मशीन जनपद में अपनी तरह की पहली सुविधा है। अब मरीजों को इस महत्वपूर्ण जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और बेहद रियायती शुल्क पर आधुनिक जांच का लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर अजय कुमार अग्रवाल (सीए), भानू प्रताप अग्रवाल, रामकुमार तायल, योगेन्द्र जैन एडवोकेट, राजेन्द्र गोयल, अरविंद मित्तल, संजीव अग्रवाल, डॉ. विनीता जैन, राजेश मित्तल, पंकज जैन (गांधी टेंट) सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
