मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया (एपीआई), सहारनपुर शाखा की मासिक वैज्ञानिक गोष्ठी का आयोजन अंबाला रोड स्थित एक होटल के सभागार में किया गया। गोष्ठी में मेरठ से आए वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हरिओम त्यागी ने हृदय रोगों के जोखिम और एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के नियंत्रण पर अपने विचार व्यक्त किए।
डॉ. हरिओम त्यागी ने बताया कि एलडीएल (LDL) कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने से हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। यदि स्टेटिन दवाओं से एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित नहीं हो पाता है, तो चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार स्टेटिन के साथ इजेटिमाइब दवा भी दी जा सकती है। इससे एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को और प्रभावी ढंग से कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों की तुलना में भारतीयों में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम रखने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। एपीआई के अध्यक्ष डॉ. कलीम अहमद ने हृदय रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खानपान में अधिक तली-भुनी चीजों, चीनी और नमक का सेवन कम करना चाहिए। साथ ही शराब और धूम्रपान से बचना चाहिए। नियमित व्यायाम, प्रतिदिन 6 से 8 घंटे की पर्याप्त नींद और तनाव से बचाव भी हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एपीआई के सचिव डॉ. विकास अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक सचिव डॉ. सौम्या जैन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights