जोनी शर्मा 

मुजफ्फरनगर। श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की विराट सभा केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं रही, बल्कि समाज को एकजुट करने, सेवा की भावना को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का भावनात्मक आह्वान बन गई। सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित अग्रवाल समाज के लोगों ने संगठन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
गुरुवार को भोपा रोड स्थित होटल रेडिएंट में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज भगवान श्रीराम के आदर्शों, भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग, महाराजा अग्रसेन के समानता और सहयोग के सिद्धांत तथा सुशासन की भावना को जीवन में उतारे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, सेवा और सामाजिक समरसता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश के विकास में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि विनीत अग्रवाल शारदा ने बताया कि मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोधाम देश के सबसे भव्य धार्मिक एवं सेवा केंद्रों में शामिल होगा। यहां महाराजा अग्रसेन का भव्य मंदिर, कुलदेवी महालक्ष्मी मंदिर, 51 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा, आधुनिक निःशुल्क अस्पताल, वृद्धाश्रम, विशाल यज्ञशाला सहित अनेक जनसेवा प्रकल्प विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि समाज सेवा, संस्कार और राष्ट्र चेतना का प्रेरणास्थल बनेगा।
सभा में महाराजा अग्रसेन की ऐतिहासिक “एक ईंट-एक रुपया” की परंपरा को याद करते हुए कहा गया कि यही भावना समाज को मजबूत बनाती है। ट्रस्ट शीघ्र ही ऐसी स्थायी सहयोग योजना शुरू करेगा, जिसके माध्यम से गांव-गांव और जिले-जिले में जरूरतमंद अग्रवाल परिवारों को सम्मानपूर्वक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही युवाओं से राजनीति, प्रशासन, व्यापार, विज्ञान, तकनीक, सेना और समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया गया।
आस्था के सम्मान की उठी आवाज
सावन माह और कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि इस दौरान मांस और मदिरा की दुकानें बंद रखी जानी चाहिए, ताकि करोड़ों शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं और सनातन परंपराओं का सम्मान बना रहे।
सुशासन और विकास का किया उल्लेख
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, व्यापारिक सुरक्षा, सड़क और एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में लगातार काम हुआ है। उनके अनुसार विकास और विश्वास का वातावरण समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण का संदेश
अपने संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज, व्यापारियों और राष्ट्रहित की सेवा के लिए समर्पित है। उनके इस भावनात्मक संदेश का उपस्थित लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन को मिली नई ताकत
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक अशोक कंसल ने की। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यक्रम संयोजक श्रीमोहन तायल ने संगठन विस्तार की रूपरेखा रखी। नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सेवा और संस्कार को समाज की सबसे बड़ी पूंजी बताया, जबकि वैश्य समाज के अध्यक्ष संजय मित्तल ने संगठन की एकजुटता पर बल दिया।
सभा के दौरान श्रीमोहन तायल को श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष, मनीष गर्ग को मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष तथा हरीश गुप्ता को जिला महामंत्री नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। नई जिम्मेदारियों का उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गूंज के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के ट्रस्टी राजीव मित्तल, संचालक दिनेश बंसल, गौरव स्वरूप, श्यामलाल, प्रमोद मित्तल, मुकेश कंसल, मयंक बंसल सहित अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights