नीरज प्रजापति

जागरूकता रैली से दिया हर बच्चे को सुरक्षित भविष्य का संदेश।

 

35 साल से पोलियो उन्मूलन अभियान में जुटा रोटरी इंटरनेशनल, विश्व पोलियो दिवस पर शहर की सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे; मीनाक्षी स्वरूप बोलीं, बच्चे देश का भविष्य, पांच साल तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाना जरूरी।

 

मुजफ्फरनगर। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को बचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व पोलियो दिवस पर मुजफ्फरनगर में जनजागरण की मुहिम चलाई गई। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 के तत्वावधान में निकाली गई जागरूकता रैली ने लोगों को बच्चों के सुरक्षित भविष्य और पोलियो उन्मूलन की जिम्मेदारी का संदेश दिया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, रोटरी पदाधिकारियों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लेकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। रुड़की रोड स्थित नगरपालिका इंटर कॉलेज के परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पोलियो के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की। कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पायल गौर, नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पायल गौर ने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल 220 देशों में विभिन्न सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों की सेवा कर रही है। रोटरी ने लगभग 35 वर्ष पहले पोलियो उन्मूलन का बीड़ा उठाया था और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ मिलकर पोलियो वायरस की जांच के लिए चार टेस्टिंग लैब स्थापित करने में भी रोटरी की भूमिका रही है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो से बचाव की खुराक लेने से वंचित न रहे और जागरूकता का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुमित्रा सिंह ने किया। उन्होंने छात्राओं के माध्यम से लघु नाटिका प्रस्तुत कराकर पोलियो उन्मूलन का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया। इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजकों की ओर से अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। स्काउट कमिश्नर भारत भूषण अरोरा के निर्देशन में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। रोटरी पदाधिकारी विकास भार्गव, अध्यक्ष मधु भार्गव और सचिव रितिका भार्गव ने भी पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद जागरूकता रैली नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज से रवाना होकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंची। वहां रेडक्रॉस समिति की ओर से शिवराज सिंह ने रेडक्रॉस भवन में प्रतिभागियों का स्वागत किया। रैली के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोलियो से बचाव और टीकाकरण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ रोटेरियन राजकुमार रहेजा, सागर अरोरा, विनोद जलोत्रा, नितिन जैन, शरद जैन, राजकुमार गुप्ता, अनिल सोबती, राधेश्याम गर्ग, राजीव गुप्ता, दीपक सिंघल, मनोज सेठी, राहुल तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमएल गर्ग सहित रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 के विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सुनील अग्रवाल ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights