खतौली । खतौली थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए महज चार घंटे की कड़ी मेहनत में दो मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की चर्चा पूरे क्षेत्र में रही और बच्चों के पिता सहित आमजन ने पुलिस टीम की जमकर सराहना की।

घटना 28 सितंबर की है ज़ब खतौली थाना क्षेत्र के सद्दीकनगर निवासी जरीफ पुत्र सरीफ ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसकी बेटी सोफिया (11 वर्ष) और बेटा सुभान (5 वर्ष) 27 सितंबर की शाम करीब सात बजे से अचानक घर से लापता हो गए थे। परिवार ने रातभर बच्चों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। अगले दिन पिता जरीफ ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी दिनेश चन्द्र बघेल ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर टीम का गठन किया । उन्होंने उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र श्यौरान और महिला उपनिरीक्षक खुशबू कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम में हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल धनेश कुमार, कांस्टेबल अजीत कुमार और महिला कांस्टेबल कोमल चौधरी शामिल आदि भी शामिल रहे।

पुलिस टीम ने पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ तलाश शुरू की और महज चार घंटे में दोनों बच्चों को सकुशल ढूंढ निकालने में सफलता प्राप्त की। जब मासूम बच्चों को उनके पिता के सुपुर्द किया गया तो भावुक पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने पुलिस टीम और थाना प्रभारी दिनेश चन्द्र बघेल का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कार्य उनके परिवार के लिए जीवनभर यादगार रहेगा।स्थानीय लोगों ने भी इस त्वरित कार्रवाई को सराहते हुए कहा कि महिला मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो टीम ने मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस प्रयास ने न केवल खतौली पुलिस की छवि को और मजबूत किया है, बल्कि जनता के दिलों में सुरक्षा का भरोसा भी जगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights