लखनऊ, 16 सितंबर । समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए जिला और महानगर इकाइयों समेत सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणियां भंग कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
सपा अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम की ओर से बुधवार को जारी पत्र से यह जानकारी दी गई है। जारी पत्र के अनुसार, मथुरा के जिलाध्यक्ष समेत जिला कार्यकारिणी, महानगर अध्यक्ष समेत महानगर कार्यकारिणी तथा सभी फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणियों के पदाधिकारी एवं सदस्य तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिए गए हैं। इसके साथ ही मथुरा की सपा की राज्य कार्यकारिणी में शामिल सभी पदाधिकारी एवं सदस्य तथा फ्रंटल संगठनों की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्यों को भी तत्काल प्रभाव से भंग किया गया है।
जारी पत्र में जानकारी सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, मथुरा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल समेत फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों और मथुरा के पूर्व सांसद, विधायक व प्रमुख नेताओं को उक्त जानकारी दी गई है।
पार्टी के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मथुरा में संगठनात्मक पुनर्गठन की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पत्र में कार्यकारिणियों को भंग करने के कारणों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।
