नीरज प्रजापति

महावीर चौक पर जोरदार प्रदर्शन, सार्थक लाठियान बोले कि राजनीतिक मर्यादा भूलना बर्दाश्त नहीं

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के सुप्रीमो जयंत चौधरी को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर रालोद कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को रालोद छात्र सभा के सहारनपुर मंडल अध्यक्ष सार्थक लाठियान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महावीर चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए अखिलेश यादव का पुतला फूंका और नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश दिखाई दिया। रालोद नेता सार्थक लाठियान ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी भी राजनीतिक नेता के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
रालोद छात्र सभा के सहारनपुर मंडल अध्यक्ष सार्थक लाठियान ने कहा कि समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं से लेकर छोटे कार्यकर्ताओं तक की भाषा शैली लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्हें यह समझना चाहिए कि किस व्यक्ति के बारे में किस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राजनीतिक जीवन में आगे बढ़ने में सहयोग दिया, उनके योगदान और अहसानों को भुलाकर उनके बारे में अनाप-शनाप टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि जयंत चौधरी के खिलाफ की गई टिप्पणी से रालोद कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और इसी कारण कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।


सार्थक लाठियान ने चेतावनी देते हुए कहा कि रालोद कार्यकर्ता अपने नेता के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी में मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए और व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराया और कहा कि जयंत चौधरी के सम्मान के लिए रालोद कार्यकर्ता हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights