indias-industrial-output-quickens-to-73-pc-in-june

नई दिल्ली, 28 जुलाई । अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर अच्छी खबर है। विनिर्माण क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन और बिजली तथा गैस आपूर्ति क्षेत्र की मजबूत वृद्धि के कारण जून में देश का औद्योगिक उत्पादन 7.3 फीसदी बढ़ा है। इससे पिछले महीने मई के 5.1 फीसदी के मुकाबले यह काफी बेहतर रहा।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया कि जून माह में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) पर आधारित औद्योगिक उत्पादन सालाना आधार पर 7.3 फीसदी बढ़ा है। आंकड़ों के मुताबिक इस बढ़ोतरी में विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र में 7.8 फीसदी और बिजली क्षेत्र में 10.6 फीसदी की तेजी का मुख्य योगदान रहा है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने जारी बयान में कहा, ‘‘जून, 2026 के लिए आईआईपी की वृद्धि दर मई, 2026 के 5.1 फीसदी (जून में जारी त्वरित अनुमान) के मुकाबले 7.3 फीसदी है। मई के लिए आईआईपी का संशोधित अनुमान 5 फीसदी है। यह नई श्रृंखला पर आधारित औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) का तीसरा मासिक आंकड़ा है।‘‘

आंकड़ों के मुताबिक सालाना आधार पर तुलना करें तो जून में खनन और संबद्ध क्षेत्र का उत्पादन एक फीसदी, विनिर्माण उत्पादन 7.8 फीसदी, जबकि बिजली और गैस आपूर्ति एवं जलापूर्ति क्षेत्र का उत्पादन 10.6 फीसदी तथा सीवरेज व अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र का उत्पादन 6.1 फीसदी बढ़ा। वहीं, विनिर्माण क्षेत्र की बात करें तो 23 उद्योग समूहों में 19 ने जून, 2025 की तुलना में जून, 2026 में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की।

मंत्रालय के मुताबिक जून, 2026 के लिए शीर्ष 3 सकारात्मक योगदानकर्ता हैं, जिसमें विद्युत उपकरणों का निर्माण (34 फीसदी) रहा। इसके अलावा मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर का निर्माण (17.5 फीसदी) और खाद्य उत्पादों का निर्माण (10.8 फीसदी) रहा है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights