नीरज प्रजापति
रोहाना में मन्नत होटल के पास हुआ भीषण हादसा, कार के अंदर बुरी तरह फंसे थे दोनों युवक, सीआरपीएफ जवान समेत दो की मौत से मचा कोहराम
मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से घूमकर घर लौट रहे दो दोस्तों का सफर रोहाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। पानीपत-खटीमा हाईवे पर मन्नत होटल के समीप देर रात उनकी कार सड़क किनारे खड़े भारी वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक उसमें फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार की हालत बेहद खराब थी और दोनों सवारों को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की मदद की।
मृतकों की पहचान दिल्ली के घसा क्षेत्र निवासी सतीश पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह और दिनेश पुत्र रामकुमार के रूप में हुई। बताया गया कि दोनों आपस में दोस्त थे और हरिद्वार घूमने गए थे। वापस दिल्ली लौटते समय रोहाना में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सतीश परिवार में सबसे छोटे थे और अविवाहित बताए गए हैं। वह ड्राइविंग का काम करते थे। वहीं दिनेश सीआरपीएफ में कार्यरत थे और अपने पीछे पत्नी तथा तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। दो परिवारों के लिए एक ही रात में आई मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मुजफ्फरनगर पहुंचे। अस्पताल में शव देखकर परिवार के लोगों की चीख-पुकार निकल पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर उठे सवाल
हादसे के बाद हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने से रात के समय पीछे से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों ने हाईवे पर ऐसे वाहनों की निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
