हरिद्वार से आस्था की अविरल यात्रा
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की पावन बेला में शिवभक्ति का अद्भुत और भावविभोर कर देने वाला दृश्य उस समय देखने को मिला, जब दिल्ली के उत्तम नगर निवासी श्रद्धालु भाविन, साहिल, वीर, लकी, शिबू, कृष्णा, अभिषेक, दीपू और सागर अपनी पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर पहुंचे। शिवभक्तों के आगमन पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और “बोल बम” व “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के बीच उनका भव्य स्वागत कर श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
गत 25 जुलाई को इन सभी शिवभक्तों ने धर्मनगरी हरिद्वार के हर की पौड़ी से मां गंगा का पवित्र जल श्रद्धा और विधि-विधान के साथ उठाया था। कठिन यात्रा, तपती धूप और निरंतर पैदल सफर के बावजूद उनके चेहरे पर भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और भक्ति का तेज साफ दिखाई दे रहा था। पूरी यात्रा के दौरान शिवनाम का संकीर्तन और “बम-बम भोले” के उद्घोष वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर की पौड़ी से लाया गया यह पवित्र गंगाजल अपने गंतव्य उत्तम नगर, दिल्ली स्थित शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अर्पित करेंगे। उनका विश्वास है कि सच्ची श्रद्धा, सेवा और भक्ति से किए गए जलाभिषेक से भगवान शिव अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
मुजफ्फरनगर में हुए स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं ने शिवभक्तों के उज्ज्वल, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की। पूरा वातावरण शिवमय हो उठा और हर ओर “हर-हर महादेव” तथा “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे। श्रावण मास की इस पावन यात्रा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट विश्वास, सेवा और समर्पण ही सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।
