नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। गांधी पॉलिटेक्निक परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम, समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने महापुरुष के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
मुजफ्फरनगर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को भोपा रोड स्थित गांधी पॉलिटेक्निक परिसर में पूज्य स्वामी कल्याण देव जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और गुरु परंपरा के सम्मान का अनुपम उदाहरण बना, जहां उपस्थित लोगों ने स्वामी जी के समाजसेवा, शिक्षा और मानव कल्याण के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी कल्याण देव जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं नमन के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी ऊंचा स्थान दिया गया है। गुरु ही ज्ञान का प्रकाश देकर जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और स्वामी कल्याण देव जी का संपूर्ण जीवन इसी आदर्श का प्रतीक रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वामी कल्याण देव जी ने अपना पूरा जीवन समाज, शिक्षा, सेवा और मानवता के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। गुरु पूर्णिमा जैसे पावन पर्व पर उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए सौभाग्य की बात है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने गुरु वंदना के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर आंदोलनकारी मास्टर विजय सिंह, डॉ. यशपाल, डॉ. पूजा, हरीश शर्मा, उत्तम राठी, सीमा, कर्ष कौशिक तथा विशु सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्वामी कल्याण देव जी के आदर्श सदैव समाज को नई दिशा देते रहेंगे और उनका व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अमिट स्रोत बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights