सुरक्षा, यातायात, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने मुजफ्फरनगर स्थित कांवड़ सेल का विस्तृत निरीक्षण कर यात्रा से जुड़ी सभी तैयारियों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन, सीसीटीवी निगरानी, संचार व्यवस्था और आपातकालीन रिस्पॉन्स सिस्टम की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

डीआईजी ने कांवड़ यात्रा के लिए बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट, सेक्टर एवं जोन व्यवस्था, यातायात डायवर्जन प्लान तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कांवड़ मार्गों पर तैनात पुलिस बल, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, निगरानी व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों की रिपोर्ट ली।
निरीक्षण के दौरान कांवड़ सेल में उपलब्ध मानचित्रों, अभिलेखों और संचालन संबंधी दस्तावेजों का भी अवलोकन किया गया। डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान बनाई गई प्रत्येक व्यवस्था का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कांवड़ मार्गों की चौबीसों घंटे निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, यातायात संचालन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित इकाइयां पूर्ण सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करें।
डीआईजी ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवड़ मार्गों पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स देकर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चिकित्सा विभाग, प्रशासन और अन्य सहयोगी एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर विशेष जोर दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष की कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी। इसके लिए जनपद में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि लाखों शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।
