channi-punjab-congress-aap-pol

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर । पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कांग्रेस 4 नवंबर को संगरूर में रैली के साथ पंजाब विधानसभा चुनाव का अभियान शुरू करेगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस रैली में शामिल होंगे। आम आदमी पार्टी (आआपा) की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर चन्नी ने कहा कि पार्टी ने पुराने उम्मीदवारों के नाम ही दोहराए हैं। इसमें कुछ नया नहीं है।

चन्नी ने शनिवार को दिल्ली में विपक्षी इंडी गठबंधन की मॉक पार्लियामेंट में शामिल होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 4 नवंबर को संगरूर से चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी और राहुल गांधी भी रैली में शामिल होंगे।

आम आदमी पार्टी की उम्मीदवारों की पहली सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए चन्नी ने कहा कि सूची में पुराने उम्मीदवारों के नाम दोहराए गए हैं। इसमें कुछ नया नहीं है।

कांग्रेस ने 4 नवंबर को संगरूर में ‘इंसाफ रैली’ आयोजित करने की तैयारी की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने हाल ही में एक बयान में बताया था कि राहुल गांधी रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस इस रैली में पंजाब में कानून-व्यवस्था, नशे, बेरोजगारी, धान खरीद, बेअदबी के मामलों और राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाने की तैयारी कर रही है।

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पंजाब के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसमें चन्नी के अलावा पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अन्य नेता शामिल हुए। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई।

वहीं, आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धुरी, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा और मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights