governor-inquired-development

नैनीताल, 19 मई । उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह ने मंगलवार को लोक भवन नैनीताल में नैनीताल के मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय से शिष्टाचार भेंट में जनपद में संचालित विकास कार्यों, पर्यटन गतिविधियों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। मुख्य विकास अधिकारी ने राज्यपाल को बताया कि नैनीताल की पहचान उसकी झीलों से है और उनके सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए होटल व्यवसायियों के साथ समन्वय स्थापित कर मार्केट लिंकेज विकसित किए गए हैं। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि नैनीताल में नए पर्यटन स्थलों का विकास किया जाए तथा पर्यटकों को अधिक समय तक आकर्षित रखने के लिए विविध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं डिजिटल विपणन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने वनाग्नि नियंत्रण और मानव-वन्यजीव संघर्ष से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग एवं अन्य सुरक्षा उपाय उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वनाग्नि रोकथाम के लिए पीरूल संग्रहण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत स्थानीय लोगों को प्रति किलोग्राम 10 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। राज्यपाल ने पिरूल प्रबंधन एवं वनाग्नि नियंत्रण के प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और स्थानीय सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights