मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय में जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख स्थापना दिवस तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सांस्कृतिक चेतना और देश की विविधतापूर्ण परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कुलपति प्रो. विमला वाई. ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इस अवसर पर भाषण, रंगोली, पोस्टर, प्रश्नोत्तरी और मॉडल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया। जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के पारंपरिक नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण के रंग भर दिए। विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें विद्यार्थियों ने स्वयं निर्मित उत्पादों और हस्तनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। इससे विद्यार्थियों को अपने नवाचार, कौशल और उद्यमशीलता को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कुलपति ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में कुलसचिव कमल कृष्ण, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार, वित्त अधिकारी सूरज कुमार, उपकुलसचिव अनूप कुमार, सहायक कुलसचिव संजीव कुमार सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और एकता के संकल्प के साथ हुआ।
