uk-congress-rally-president-

देहरादून, 01 नवंबर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड से हजारों कांग्रेसजनों और समर्थकों ने भागीदारी की।

गणेश गोदियाल ने रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित महारैली ने केंद्र सरकार को संदेश दिया है कि जनता उसकी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है और पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों से आम आदमी प्रभावित है। दूसरी ओर, सरकार अपने करीबी उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदेश की धामी सरकार पर निशाना साधते हुए गोदियाल ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्यशैली बर्दाश्त नहीं करेगी। अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने मामले में न्याय और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई। उन्होंने राज्यपाल की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे प्रदेश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता और सम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस मुद्दे पर आवाज उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड से दिल्ली जा रहे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश में पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। यह शांतिपूर्ण राजनीतिक गतिविधियों और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने रैली को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पार्टी पदाधिकारियों, जिला एवं महानगर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों तथा विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights