नीरज प्रजापति

20वें स्थापना दिवस पर मुख्य कार्यालय में उत्साह के साथ काटा गया केक, संपादक डॉ. अनुज मुदगल ने साझा कीं दो दशक की उपलब्धियों और संघर्षों की खुशियां।

मुजफ्फरनगर। पत्रकारिता का सफर केवल खबरों को प्रकाशित करने तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह समाज की आवाज बनने, जनसमस्याओं को मंच देने और सच को सामने लाने की जिम्मेदारी भी अपने साथ लेकर चलता है। इसी संकल्प और पत्रकारिता के प्रति समर्पण के दो दशक पूरे होने पर दैनिक मुदगल टाइम्स का 20वां स्थापना दिवस रविवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाचार पत्र के मुख्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केक काटकर दो दशक की गौरवशाली यात्रा की खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समाचार पत्र के संपादक डॉ. अनुज मुदगल द्वारा केक काटकर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ करना रहा। इस दौरान कार्यालय में मौजूद पत्रकारों, सहयोगियों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए दैनिक मुदगल टाइम्स की निरंतर सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। माहौल में उत्साह के साथ उस लंबी यात्रा की यादें भी नजर आईं, जिसमें समाचार पत्र ने समय के साथ अपनी पहचान और पाठकों के बीच अपना स्थान बनाया। दो दशक का यह सफर किसी भी समाचार पत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है। बदलते दौर, पत्रकारिता की चुनौतियों और प्रतिस्पर्धा के बीच निरंतर अपनी उपस्थिति बनाए रखना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। दैनिक मुदगल टाइम्स की इस यात्रा को उपस्थित लोगों ने मेहनत, प्रतिबद्धता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी अखबार की असली ताकत उसके पाठकों का भरोसा होता है और यही भरोसा उसे लंबे समय तक आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि दैनिक मुदगल टाइम्स आने वाले समय में भी सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा। पत्रकारिता के मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए समाचार पत्र नई उपलब्धियों की ओर कदम बढ़ाएगा और पाठकों के विश्वास को और मजबूत करेगा। स्थापना दिवस समारोह में बिनेश पंवार, मौ. दिलशाद गनी, पवन अग्रवाल, मौ. शाहनवाज, मास्टर विजय सिंह, जोनी शर्मा, नीरज प्रजापति, फैसल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दैनिक मुदगल टाइम्स के 20वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए इसके सफल, निष्पक्ष और शानदार भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights