global-market-trends

नई दिल्ली, 23 अप्रैल । ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ कारोबार होता रहा, लेकिन डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान कमजोरी का रुख बना रहा। इसी तरह एशिया में भी आज चौतरफा बिकवाली का दबाव बना हुआ है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सीजफायर का ऐलान करने और कॉरपोरेट सेक्टर में अच्छी कमाई होने की उम्मीद की वजह से पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 340.65 अंक यानी 0.69 प्रतिशत उछल कर 49,490.03 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 1.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,137.95 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया।

इसके अलावा नैस्डेक 397.60 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,657.57 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं पश्चिम एशिया में शांति वार्ता टल जाने और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के आमने-सामने आ जाने की वजह से बने तनाव के कारण डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 368.49 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,120.55 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,476.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,156.43 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.31 प्रतिशत फिसल कर 24,194.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज कमजोरी का रुख बना हुआ है। एशिया के सभी नौ बाजार में लगातार बिकवाली का दबाव बना हुआ है। गिफ्ट निफ्टी 205 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,159 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.97 प्रतिशत लुढ़क कर 4,954.41 अंक के स्तर पर पहुंच गया है।

ताइवान वेटेड इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 658.30 अंक यानी 1.74 प्रतिशत फिसल कर 37,220.17 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.49 प्रतिशत टूट कर 1,457.72 अंक के स्तर तक गिर गया है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में भी आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 109.07 अंक यानी 1.45 प्रतिशत गिर कर 7,432.54 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह निक्केई इंडेक्स 707.86 अंक यानी 1.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 58,878 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 228.24 अंक यानी 0.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,935 अंक के स्तर पर, कोस्पी इंडेक्स 0.85 प्रतिशत फिसल कर 6,363.63 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.79 प्रतिशत टूट कर 4,073.71 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights