नीरज प्रजापति

बुढ़ाना पुलिस का ‘ऑपरेशन सवेरा’ में बड़ा वार, 218 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद, शाहजहांपुर-बरेली से नशा लाकर मुजफ्फरनगर, शामली समेत आसपास के जिलों में करता था सप्लाई।

मुजफ्फरनगर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत बुढ़ाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को (आज) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता कर बुढ़ाना पुलिस द्वारा हासिल की गई कामयाबी और नशा तस्कर गिरोह का भंडा फोड़ करते हुए बताया कि बुढ़ाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए शातिर नशा तस्कर के कब्जे से 218 ग्राम अवैध स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये है होने का दावा किया गया हैं। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और शाहजहांपुर व बरेली से स्मैक लाकर मुजफ्फरनगर, शामली तथा आसपास के जिलों में खपाता था। उन्होंने बताया कि गत दिवस सोमवार को बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक नशा तस्कर बसी तिराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। बसी तिराहे से बुढ़ाना कस्बे की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित समाधि के पास पुलिस ने दबिश देकर एक संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 218 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अहसान राणा पुत्र परवीन, निवासी ग्राम नंगला, थाना रतनपुरी, मुजफ्फरनगर, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शाहजहांपुर और बरेली से मादक पदार्थ खरीदकर लाता था और मुजफ्फरनगर, शामली समेत आसपास के जिलों में बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाता था। गिरफ्तार किया गया शातिर नशा तस्कर स्मैक को वह ग्राहकों तक पहुंचाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बताया गया कि आरोपी के खिलाफ थाना बुढ़ाना में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बुढ़ाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए शातिर नशा तस्कर के खिलाफ हरियाणा के बादशाहपुर, शामली के कैराना और करनाल के इन्द्री थाने में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, हथियार अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी से नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन के संबंध में पूछताछ करने का दावा किया गया हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, छविकान्त, तेजवीर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights