नीरज प्रजापति
नई मंडी पुलिस ने छह शातिरों को दबोचा, पांच तमंचे, 125 किलो एल्यूमिनियम पार्ट्स, बिजली तार के बंडल और दो कारें बरामद
मुजफ्फरनगर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह पर नई मंडी पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच अवैध तमंचे, कारतूस, विद्युत तार के बंडल, करीब 125 किलो एल्यूमिनियम के पार्ट्स और दो वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जनपद में पिछले दिनों विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और उपकरण चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 11 सितंबर की रात थाना नई मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-58 पर बागोवाली के पास आयशर वर्कशॉप के पीछे अंतरजनपदीय चोर गिरोह के कुछ सदस्य चोरी का सामान बेचने के उद्देश्य से एकत्रित हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए दोबारा घेराबंदी की और बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने घायल अवस्था में चांद उर्फ समर पुत्र मौ. उमर, दानिश पुत्र काशिफ और कय्यूम पुत्र नईम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कांबिंग अभियान के दौरान चेतन चौधरी पुत्र उपेन्द्र चौधरी, अली उर्फ इकबाल पुत्र कमाल अहमद और मोनिश खां पुत्र मतलूब को भी पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के पांच अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, विद्युत तार के दो बंडल, करीब 125 किलो एल्यूमिनियम पार्ट्स, एक स्कॉर्पियो और एक वैगनआर कार बरामद हुई। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनका अंतरजनपदीय गिरोह विद्युत तार, उपकरण व ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
