मुज़फ्फरनगर। नुमाइश पंडाल में चल रहे मेले को लेकर शिवसेना ने गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिवसेना जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि मेले में लगाए गए विदेशी झूले बिना किसी सुरक्षा मानक और तकनीकी जांच के चलाए जा रहे हैं, जो किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिन एक युवक झूले में फंसकर हादसे का शिकार होते-होते बच गया, जो सुरक्षा प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।बिट्टू सिखेड़ा ने मेले में लगे “जलपरी” नामक पंडाल पर भी कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि वहां खुलेआम अश्लीलता और फूहड़ता परोसी जा रही है, जो समाज के नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक वातावरण के लिए बेहद हानिकारक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम परिवारों, महिलाओं और युवाओं के बीच गलत संदेश फैलाते हैं।

शिवसेना जिला प्रमुख ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन से मांग की कि मेले से खतरनाक झूलों को तत्काल हटाया जाए और अश्लीलता फैलाने वाले पंडालों को बंद कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो शिवसेना कार्यकर्ता स्वयं नुमाइश पंडाल पहुंचकर इन झूलों और पंडालों को बंद करेंगे।शिवसेना पदाधिकारियों ने इस विषय पर एक आपातकालीन बैठक पश्चिम प्रदेश कार्यालय पर आयोजित की, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो शिवसेना जनहित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।इस अवसर पर पश्चिम प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा, प्रदेश महासचिव संजीव शंकर शर्मा, निवर्तमान उपराज्य प्रमुख प्रमोद अग्रवाल, क्रांति सेना जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी, वेद प्रकाश शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, पूजा शर्मा, पूनम चल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights