सुसाइड नोट में छलका दर्द,अब अपमान सहन नहीं होता, पत्नी को अंतिम दर्शन से दूर रखने और धार्मिक कार्यक्रम न करने की लिखी अंतिम इच्छा

 

मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गृह कलह और लगातार मानसिक तनाव से जूझ रहे 52 वर्षीय डिग्री कॉलेज के क्लर्क एवं जिम संचालक देवदत्त शर्मा ने अपने ही घर में तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब सात बजे देवदत्त शर्मा अपने घर में थे। अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनकर उनकी पत्नी सीमा रानी दौड़कर कमरे में पहुंचीं। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। देवदत्त शर्मा खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सरसावा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौत से पहले व्हाट्सएप पर भेजा दर्द से भरा आखिरी संदेश

आत्महत्या से पहले देवदत्त शर्मा ने अपनी भांजी को व्हाट्सएप पर एक लंबा भावुक संदेश भेजा, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। संदेश में उन्होंने लिखा कि अब वह लगातार मिल रहे अपमान को सहन नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने लिखा कि अब अपमान सहन नहीं होता। बार-बार मरने से बेहतर है कि एक ही बार मर जाऊं। मैं कायर नहीं हूं, लेकिन अपमान ने मेरी आत्मा को अंदर से मार दिया है। यहीं नहीं, उन्होंने अपनी अंतिम इच्छाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि उनकी पत्नी सीमा रानी को उनके शव को छूने न दिया जाए। अंतिम संस्कार में उपलों का प्रयोग न किया जाए, अनावश्यक खर्च न किया जाए और उनकी आत्मा की शांति के लिए किसी प्रकार का धार्मिक कार्यक्रम भी न कराया जाए। संदेश के अंत में उन्होंने अपनी भांजी से उसकी मां का ख्याल रखने की बात भी लिखी।

गृह कलह बना आत्मघाती कदम की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देवदत्त शर्मा पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि लगातार चल रहे गृह कलह और अपमान की भावना ने उन्हें इतना तोड़ दिया कि उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है।

इलाके में शोक और चर्चा का माहौल

एक ओर जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दूसरी ओर यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। जो व्यक्ति दूसरों को स्वस्थ रहने और फिटनेस का संदेश देता था, वह खुद मानसिक पीड़ा से इतना टूट जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights