आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा और ऐक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा के रिश्तों को लेकर अटकलों के बीच उनके ही साथी ने यह लगभग कंफर्म कर दिया है कि दोनों शादी करने जा रहे हैं। आप के राज्य सभा सांसद संजीव अरोड़ा ने दोनों को बधाई दी है। यह पहली बार है जब किसी ‘आप’ नेता ने दोनों के बीच रिश्ते को स्वीकार किया है। इससे पहले खुद राघव चड्ढा ने सवालों को टालते हुए कहा था कि उनसे परिणीति नहीं राजनीति के सवाल किए जाएं।

संजीव अरोड़ा ने मंगलवार को ट्विटर पर दोनों को बधाई देते हुए लिखा, ‘मैं राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा को हृदय से बधाई देता हूं। उनका साथ प्यार और आनंद की प्रचुरता से पूर्ण हो। बहुत शुभकामनाएं।’ सांसद के इस ट्वीट से अटकलों को काफी बल मिल गया है। राघव चड्ढा और परिणीति के रिश्तों को लेकर उस समय चर्चा छिड़ गई थी जब दोनों हाल ही में लंच और डिनर पर साथ दिखे थे।

राघव चड्ढा और परिणीति की दोस्ती काफी पुरानी है। दोनों यूके में पढ़ाई के दौरान से एक दूसरे को जानते हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में दोनों के परिवारों की मुलाकात भी हुई है। जल्द ही दोनों की सगाई हो होने की चर्चा है। शादी की अटकलों को उस वक्त भी बल मिला था जब परिणीति चोपड़ा को मशहूर फैशन डजाइनर मनीष मल्होत्रा के घर देखा गया। सोशल मीडिया यूजर्स  पूछ रहे थे कि क्या परिणीति शादी के लिए कपड़े डिजाइन कराने पहुंचीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights