प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी से वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि विकसित काशी से विकसित भारत का मंत्र साकार करने के लिए लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर के तमाम कार्य कर रहे हैं। आज काशी में अच्छे अस्पताल, अच्छी सड़कें, गैस पाइपलाइन से लेकर इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था का लगातार विस्तार हो रहा है। विकास भी हो रहा है और गुणवत्ता के साथ हो रहा है।

‘पावन धाम वंदे भारत के नेटवर्क से जुड़ रहे हैं’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ये ट्रेनें मील का पत्थर बनने जा रही हैं। हमारे भारत में सदियों से तीर्थ यात्राओं को देश की चेतना का माध्यम कहा गया है। ये यात्राएं केवल देव दर्शन का मार्ग नहीं हैं, बल्कि भारत की आत्मा को जोड़ने वाली पवित्र परंपरा हैं। प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट, कुरुक्षेत्र जैसे अनगिनत तीर्थ क्षेत्र हमारी आध्यात्मिक धारा के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि आज जब ये पावन धाम वंदे भारत के नेटवर्क से जुड़ रहे हैं, तो एक तरफ भारत की संस्कृति, आस्था और विकास की यात्रा को भी जोड़ने का कार्य हुआ है। ये भारत के विरासत के शहरों को देश के विकास का प्रतीक बनाने की तरफ अहम कदम है। इन यात्राओं का एक आर्थिक पहलू भी होता है, जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती। 

यूपी में हुए विकास कार्यों ने तीर्थाटन को नए स्थान पर पहुंचा दिया
बीते 11 वर्षों में यूपी में हुए विकास कार्यों ने तीर्थाटन को एक नए स्थान पर पहुंचा दिया है। पिछले साल बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए 11 करोड़ श्रद्धालु काशी आए थे। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद छह करोड़ से ज्यादा लोग राम लला के दर्शन कर चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यूपी की अर्थव्यवस्था को इन श्रद्धालुओं ने हजारों करोड़ का लाभ पहुंचाया है। इन्होंने यूपी के होटलों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्ट, स्थानीय कलाकारों, नाव चलाने वालों को निरंतर कमाई का अवसर दिया है। इसके कारण बनारस के सैकड़ों नौजवान ट्रांसपोर्ट से लेकर बनारसी साड़यिों तक हर जगह नए-नए व्यापार शुरू कर रहे हैं। इन सबकी वजह से यूपी में, काशी में समृद्धि के द्वार खुल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights