नीरज प्रजापति

16 मुकदमों का आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल, देहरादून से चोरी की बाइक पर घूमकर देता था वारदातों को अंजाम, साथी फरार, तमंचा और चोरी का गैस सिलेंडर बरामद।

मुजफ्फरनगर। बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी का नई मंडी पुलिस से सामना हो गया। पचेंडा रोड पर प्लेटिनम रिसोर्ट के निकट चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश बाइक और गैस सिलेंडर छोड़कर ईख के खेत में जा घुसे। यहां पुलिस की घेराबंदी के बाद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी खेतों के रास्ते फरार होने में कामयाब रहा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नयाजुपुरा निवासी नवाब हैदर के रूप में हुई है। नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि उसके खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में चोरी, नकबजनी, हथियार और एनडीपीएस समेत 16 मुकदमे दर्ज हैं। थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई बच्चन सिंह कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। उन्होंने बताया कि कॉलोनी निवासी ऋषभ देव शर्मा ने 30 अक्टूबर को नई मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी और दो गैस सिलेंडर सहित कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन, एसपी सिटी अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र की टीम पचेंडा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली एचएफ डीलक्स बाइक पर सवार दो व्यक्ति दिखाई दिए। बाइक पर एक गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन संदिग्धों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो दोनों बाइक और सिलेंडर छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गए। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई नियंत्रित जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। फरार आरोपी आफताब पुत्र दिलशाद निवासी नयाजुपुरा की तलाश में कांबिंग की जा रही है। नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार नवाब हैदर के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, चोरी का गैस सिलेंडर, वारदात में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा प्लास, हथौड़ी और सरिया सहित चोरी के उपकरणों से भरा बैग बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अपने फरार साथी आफताब के साथ 29-30 अक्टूबर की रात बच्चन सिंह कॉलोनी के एक बंद मकान में चोरी की थी। बरामद सिलेंडर भी उसी मकान से चोरी किया गया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल करीब एक माह पहले देहरादून से चोरी की गई थी। दोनों इसी बाइक से चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी का बाकी सामान पहले ही बेच दिया गया था और सोमवार को सिलेंडर बेचने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नवाब हैदर के खिलाफ सहारनपुर के सदर बाजार, देवबंद, जनकपुरी और कुतुबशेर सहित विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने, हथियार और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर की नई मंडी पुलिस भी उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने उसके आपराधिक नेटवर्क और फरार साथी के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, उपनिरीक्षक संदीप सिंह धारीवाल, अनुभव चौधरी सहित नई मंडी थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights