परिवार सहित कन्या पूजन कर लिया आशीर्वाद
मुदगल टाइम्स ब्यूरो
मेरठ। कांवड़ यात्रा के समापन के बाद टोल प्लाजा स्थित प्रकाशवती जीवन सेवा कांवड़ शिविर परिसर में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पंडित अजय भारद्वाज एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से शिविर संचालकों एवं श्रद्धालुओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” अभियान से जुड़ते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पंडित अजय भारद्वाज ने बताया कि उन्हें इस वर्ष 37वीं बार गंगाजल लाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जबकि 28वें प्रकाशवती जीवन सेवा कांवड़ शिविर का भी सफल आयोजन संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा सनातन धर्म का महापर्व है और विश्व की सबसे बड़ी पदयात्राओं में शामिल है। ऐसे में यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु एवं शिविर संचालक की जिम्मेदारी है, ताकि सनातन संस्कृति की गरिमा और पवित्रता अक्षुण्ण बनी रहे।
स्वच्छता अभियान के उपरांत शिविर में कन्या पूजन का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं निवर्तमान राज्यमंत्री पंडित सुनील बराला, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पंडित अजय भारद्वाज तथा डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपने परिवार सहित कन्याओं का पूजन कर मां भगवती एवं भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
