रामनवमी की तिथि पर संशय खत्म: 26 मार्च को होगा भगवान राम जन्मोत्सव तिलक, 27 को मनाई जाएगी महानवमी
मुजफ्फरनगर। रामनवमी को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति पर अब पूर्ण विराम लग गया है। वेद वेदांग मंदिर समिति रजिस्टर्ड मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इस विषय पर अंतिम निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष पंडित अनंत लाल द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव का तिलक 26 मार्च 2026 को दोपहर 12:00 बजे विधिवत रूप से संपन्न किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं में जो भ्रम की स्थिति बनी हुई थी, उसे दूर करने के लिए ही इस बैठक का आयोजन किया गया।
साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि नवरात्रि के नौवें दिन (महानवमी) पर माँ दुर्गा के नौवें स्वरूप माँ सिद्धिदात्री की पूजा 27 मार्च 2026 को ही श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस निर्णय से अब सभी धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर स्पष्टता आ गई है। बैठक में विद्वान पंडितों ने पंचांग और शास्त्रों के आधार पर विचार-विमर्श करते हुए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया, जिससे आम जनमानस को सही दिशा मिल सके और उत्सव पूरे विधि-विधान से मनाया जा सके। इस अवसर पर पंडित कृष्णानंद, पंडित राजेश मिश्रा, पंडित जितेंद्र मिश्रा, पंडित संतोष उपाध्याय, पंडित विनायक दुबे, पंडित अरुण मिश्रा, पंडित अमित तिवारी एवं पंडित संजय मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के अनुसार ही धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लें और भगवान राम के जन्मोत्सव एवं महानवमी पर्व को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights