मुजफ्फरनगर से दवाई लेकर लौट रहे थे दोनों, अनियंत्रित स्कॉर्पियो 8 फीट गहरी खाई में गिरी
पुरकाजी। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गांव हरेंटी के प्रधान विवेक राठी के छोटे भाई अजय उर्फ छोटू (38) की मौत हो गई, जबकि उनका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार गांव हरेंटी निवासी अजय उर्फ छोटू अपने साले अंकित निवासी गांव इस्सोपुर थाना भोपा के साथ स्कॉर्पियो कार से मुजफ्फरनगर से दवाई लेकर वापस गांव लौट रहे थे।

शाम करीब 5 बजे जब उनकी गाड़ी पुरकाजी बाईपास स्थित भैंसानी कट के पास पहुंची, तभी अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क से नीचे करीब 8 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों को मुजफ्फरनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय राठी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंकित का उपचार जारी है।
परिवार में मचा कोहराम, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
अजय राठी गांव में रहकर खेती-बाड़ी का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी आँचल और दो बेटे शिवांक व देवांक हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे जनप्रतिनिधि व किसान नेता
इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, ब्लॉक अध्यक्ष मोनू प्रधान, रविंद्र चौधरी प्रधान और बिट्टू उर्फ रालू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण प्रधान विवेक राठी के आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights