नीरज प्रजापति

दो दिन की लगातार बरसात के बाद अचानक बढ़ी ठंड, जानसठ रोड से अलमासपुर, सुरेंद्र नगर और सूर्य एनक्लेव तक कोहरे का जबरदस्त असर, सड़कों पर कुछ दूरी तक ही दिखाई दे रहे वाहन, गर्म कपड़ों में नजर आने लगे लोग।

 

मुजफ्फरनगर। दो दिन तक लगातार हुई बेमौसम बारिश के बाद मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली कि देर रात पूरा शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दिनभर बारिश और नमी के बाद रात होते-होते वातावरण में धुंध इतनी बढ़ गई कि सड़कों पर कुछ ही दूरी तक देख पाना मुश्किल हो गया। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां ठंड का अहसास बढ़ा दिया, वहीं लोगों को सर्दियों के आगमन का भी एहसास करा दिया।
शहर के जानसठ रोड स्थित अलमासपुर, सुरेंद्र नगर और सूर्य एनक्लेव इलाके में देर रात कोहरे का बेहद घना नजारा देखने को मिला। सड़क, गलियां और आसपास के क्षेत्र धुंध की सफेद चादर में ढके दिखाई दिए। सामान्य दिनों में दूर तक साफ नजर आने वाली सड़कें कोहरे के कारण धुंधली पड़ गईं। सड़क पर चलने वाले वाहनों की रोशनी भी कोहरे के बीच धुंधली दिखाई दे रही थी। ऐसा लग रहा था मानो मौसम ने अचानक रातोंरात सर्दियों की दस्तक दे दी हो।
लगातार दो दिनों तक हुई बेमौसम बरसात के बाद वातावरण में नमी बढ़ने और तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर भी महसूस होने लगा है। देर रात घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। कई लोगों ने स्वेटर, जैकेट और गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। सुबह और रात के समय ठंड का अहसास पहले के मुकाबले अधिक होने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights