देश में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम आज से बढ़ गए हैं. ताजा आंकड़ों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3.11 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. सीएनजी के दाम भी 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए गए हैं. ईंधन की बढ़ी कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है. ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की कई चीजें भी महंगी हो सकती हैं. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार की आलोचना की. उन्होंने लिखा कि गलती मोदी सरकार की है और इसकी कीमत जनता को चुकानी पड़ेगी. राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि अभी 3 रुपये का झटका दिया गया है, बाकी वसूली किस्तों में की जाएगी. ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर चिंता बनी हुई है. सरकार और तेल कंपनियों का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों की वजह से कीमतों पर दबाव बढ़ा है.
गलती मोदी सरकार की,
कीमत जनता चुकाएगी।₹3 का झटका आ चुका,
बाकी वसूली क़िस्तों में की जाएगी।— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 15, 2026
कांग्रेस का केंद्र सरकार पर निशाना
कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी को लेकर शुक्रवार (15 मई 2026) को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे महंगाई बढ़ना तय है. इसे आर्थिक विकास दर में गिरावट भी आएगी. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम थी तो मोदी सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय उन्हें लूटा. सरकारी तेल कंपनियों ने चार वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संशोधन करते हुए दोनों ईंधनों के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की. सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
